Saturday, 28 February 2015

पहला स्पर्श


टेलर से कपड़े लेकर जैसे ही नेहा रिक्शे में बैठी तो ऐसा लगा जैसे वह यह महौल्ला, दुकानें फिर कभी नहीं देख पाएगी। शादी के बाद उसे ससुराल जाकर कभी ऐसे यूँ बेवक़्त, बेवजह घूमने मिलेगा या नहीं। रिक्शे से उतरकर घर की ओर कदम बढ़े तो ढोलक की थाप साफ़ सुनाई देने लगी, शादी के घर में अलग ही माहौल होता है। अनगिनत पकवान, अनगिनत मेहमान और अनगिनत काम। कुल-मिलाकर सब कुछ उथल-पुथल, पर कहते हैं न की अंत भला तो सब भला। नेहा की शादी बड़ी धूम-धाम से संपन्न हुई। नेहा के सामने फूलों से सजी लाल रंग की गाड़ी खड़ी थी, या कह लीजिये एक ऐसा विमान जो उसे सात-समुन्दर पार एक नई दुनिया में ले जाने को तैयार था। एक ऐसी दुनिया जहाँ सब अनजान हैं, एक अनजान आदमी की हर चीज़ को अपनाना, उसके कमरे को अपना कमरा कहना, उसके माँ-बाप को अपने माँ-बाप कहना। पर नेहा के लिए यह कोई अनोखी बात तो नहीं थी। हमारे देश की हर लड़की के जीवन में यह क्षण तो आता ही है। पर नेहा हर उस आम लड़की जैसी कहाँ थी, उसने तो बी.एस.सी करके डॉक्टर बनने का ख्वाब देखा था पर माँ-बाप की मर्ज़ी के आगे नेहा मजबूर थी। वह मजबूर थी ऐसी अरेंज्ड मैरिज करने के लिए जिसमें उसकी मर्ज़ी एक बार भी पूछी नहीं गई। 
नेहा के हस्बेंड राकेश एक कार कंपनी में मैनेजर की पोजिशन पर हैं। गाड़ी में बैठे-बैठे नेहा ने आँसू पोंछे, अचानक राकेश ने अपना रुमाल नेहा के हाथ में दिया। शादी के बाद राकेश से ली हुई यह पहली ऐसी चीज़ थी जिस पर नेहा को अपना हक महसूस हुआ। 
पहले अरेंज्ड मैरिज नेहा को चुटकुला लगता था, अपनी मर्ज़ी से जीने वाली नेहा साथी भी खुद चुनेगी ऐसा यकीन था उसे, लेकिन अब खुद से समझौता करने चली थी। दरवाज़े की आहट पर नेहा ने दरवाज़ा खोला, गेट पर राकेश थे। अपने हाथ में एक पैकेट लाए थे, नेहा की मनपसंद काजू कतली थी उसमें। पैकेट नेहा को देते हुए बोले-"तुम्हारी बहन ने बताया था मुझे,तुम्हें मिठाई बहुत पसंद है। नेहा को मीठी सी ख़ुशी महसूस हुई। अगले दिन रसोई में नेहा ने पहली बार खीर बनाई पर जल्दीबाज़ी में चीनी डालना भूल गई। देवरानी-जेठानी के तानों ने नेहा को रोने पर मजबूर कर दिया, और कर भी क्या सकती थी उस अनजान घर में जहाँ माँ-बाप उसे छोड़कर हज़ारों मील दूर चले गए थे। तभी राकेश कमरे में दाखिल हुए और नेहा को पानी का गिलास थमाते हुए बोले- "तुमने खीर बहुत अच्छी बनाई थी, स्वाद खाने में नहीं तुम्हारे हाथों में है", यह सुनकर नेहा हँस दी। 
राकेश लैपटॉप खोलकर बोले-"तुम्हें कुछ दिखाना है", नेहा बड़ी उत्सुकता से आँसू पोछकर स्क्रीन पर देखने लगी। राकेश ने नेहा के कॉलेज का फॉर्म भरकर भेज दिया था,एग्जाम की डेट दो दिन बाद थी। नेहा कुछ अजीब कश्मकश से जूझ रही थी। राकेश बोले - "क्यों तुम खुश नहीं हो? तुम तो डॉक्टर बनना चाहती थी? आगे की पढ़ाई नहीं करोगी? नेहा ने राकेश को गले लगा लिया और बोली-" आई लव यू राकेश! ",शादी के बाद राकेश का पहला स्पर्श नेहा के लिए खास बन गया। 

Saturday, 21 February 2015

सरल जीवन,आसान रिश्ते


कभी मैं ज़िंदगी के आईने से अपने आस-पास देखती हूँ तो महसूस करती हूँ कुछ बदल सा गया है, मुझे शिकायत है कड़वे तेल से जो मीठी चाशनी को बेकार कर देता है। जब मैं छोटी थी तो दादी को पुराने गानों की कैसेट लाकर देती थी, और बदले में दादी मुझे कहानियाँ सुनाती थीं। मालगुडी डेज़ की कहानियाँ ,शेखचिल्ली की कहानियाँ। पर अब किसके पास इतना वक़्त है , न मैं कहानियों के लिए वक़्त निकाल पाती हूँ और न दादी को अब सास-बहू सीरीयल से फ़ुर्सत मिलती है।
एक वक़्त था जब मैं सुकून से मौसी के घर भोपाल जाया करती थी। मम्मी मुझे रास्ते भर घर का ऐड्रस रटवा देती थीं तीसरी गली, न्यू मार्केट रोड। हबीबगंज स्टेशन पर उतरते ही गरम -गरम जलेबी और पोहे की खुशबू आने लगती थी, पर अब तो वहाँ कूड़े का वास है। स्टेशन से मौसी के घर तक का मेरा सफ़र पेड़ों को गिनने में जाता था। अनगिनत पेड़ और असंख्य रंग-बिरंगे फूल और बागीचे। अब तो सड़क पर गिनकर चार-पाँच पेड़ ही दिखते हैं। 
अपने घर आते वक़्त मौसी मुझे सौ रूपये देती थीं। पर मेरे बड़े होते-होते उन्होंने पैसे के नोटों को कपड़े-चॉकलेट में बदल दिया, पर मुझे पसंद था उन नोटों से अपने गुल्लक को भरना, फिर साल भर मम्मी से लड़कर उसे बहन की भूल बताकर तोड़ देना।
खैर अब कहाँ किसी के पास इतना वक़्त रह गया है। सर्दियों में मैं तेल की शीशी लेकर छत पर भाग जाती थी, और माँ से तेल लगवाते हुए, सूखने रखे पापड़ कच्चे ही खा जाती थी। बगल में रखी आम के आचार की बरनी में से सरसों के तेल की भीनी-भीनी खुशबू मैं आज तक नहीं भूली। दादी अमरूद काटकर नमक डालकर सर्दियों की धूप में,स्टील की प्लेट में रखकर लाती थीं,यह उनके और मेरे रिश्ते को सहेजना का एक बहाना था। पर अब घर के पांच सदस्य पांच मीठी बात भी आपस में बोल लें तो बड़ी बात होगी, घंटो बहस ज़रूर होती है मोदी जी का भाषण पर, आई.एस.आई.एस की बर्बता भरी हरकतों को सुनकर मन विचलित भी हो उठता है ,पर अपने घर के मुददों पर कोई बात नहीं करना चाहता। बचपन में मेरी गलियों में टुन -टुन वाले का इंतज़ार हर बच्चे को रहता था। पहिए वाले ठेले पर १५-२० खानों में अलग-अलग चीज़ें रखकर लाता था वो, खट्टी-मीठी गोलियॉं, लड्डू , आम-पापड़ और न जाने क्या-क्या, मुझे याद ही नहीं कि उसने कभी पैसों का हिसाब लिया हो। कई बच्चे तो मुफ़्त में ही लुफ़्त उठा लिया करते थे। पर अब गाड़ियों के शोर ने उन ठेलों की आवाज़ को कम कर दिया है। अब तो बरसात के दिनों की चाट-पकौड़ी भी सील बंद डब्बों में रेडीमेट आती है जिस पर बड़ा-बड़ा लिखा होता है "रेडी टू ईट ",बस खाते जाइए साथ-साथ ढेरों चैनलों की फेर-बदल करते जाइए। जंगल-बुक, विक्रम-वेताल, रामायण की जगह २४ घण्टे मेकअप से पुते चेहरों के सीरीयल आते रहते हैं। 
और यदि टी.वी से कुछ वक़्त मिला तो फेसबुक ने दामन थाम लिया,जिसमें कुछ पहचान के मिल जाते हैं , कुछ से दोस्ती हो जाती है। कैसी अज़ीब दुनिया है यह ? कॉलेज-हैंगआउट , गाँव का चबूतरा , कॉफी-शॉप का अड्डा , सब न जाने कहाँ गुम हो गया है। मुझे शिकायत नहीं बदलते वक़्त से पर शिकायत है उस दौर से जिसने कुछ अच्छी चीज़ें बदल दी हैं। वो वक़्त फिर से आ जाए तो शायद फिर एक बार सरल हो जाए जीवन और रिश्ते बन जाएँ आसान।